डावोस में ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया ‘शानदार नेता’, कहा– भारत-अमेरिका के बीच हो सकता है ‘अच्छा सौदा’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी को “शानदार नेता” और “अपने अच्छे दोस्त” बताया और कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक अच्छा व्यापार समझौता हो सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान स्विट्ज़रलैंड के डावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में अपने संबोधन के दौरान दिया। जब मनीकंट्रोल के एक पत्रकार ने उनसे भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सवाल पूछा, तो ट्रंप ने कहा,
“मुझे आपके प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान है। वह एक शानदार इंसान और मेरे दोस्त हैं। हम एक अच्छा सौदा करने जा रहे हैं।”

गौरतलब है कि अमेरिका द्वारा भारतीय निर्यात पर 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने को लगभग पांच महीने हो चुके हैं। इनमें से आधे टैरिफ को ट्रंप ने भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने पर “पेनल्टी” बताया था। इसके बाद से ही यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों देशों के बीच कोई व्यापार समझौता होगा या नहीं।

टैरिफ लागू होने से पहले ही दोनों देशों के अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही थी। फरवरी में बातचीत को मंजूरी मिलने के बाद मार्च-अप्रैल में औपचारिक ट्रेड वार्ता शुरू हुई थी। हालांकि, बीते कुछ दिनों में ट्रंप और उनके प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के बयानों से स्थिति और उलझ गई है।

अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने दावा किया था कि भारत-अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील इसलिए नहीं हो पाई क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को फोन नहीं किया। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने यह भी कहा कि ट्रंप ने ऐसा बिल मंजूर किया है, जिससे भारत पर टैरिफ बढ़कर 500 फीसदी तक जा सकता है। इन बयानों से दोनों देशों के रिश्तों को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

भारत ने लटनिक के दावे को तुरंत खारिज कर दिया। इसके बाद भारत में नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान से उम्मीद जगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत को एक अहम साझेदार मानता है और ट्रेड बातचीत अभी जारी है।

इस महीने की शुरुआत में ट्रंप ने संकेत दिया था कि भारत पर टैरिफ और बढ़ाए जा सकते हैं। एयर फोर्स वन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा,
“मोदी अच्छे इंसान हैं। भारत मुझे खुश करना चाहता था। अगर चाहें तो हम बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं।”

ट्रंप बोले— अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मजबूती से पूरी दुनिया को फायदा

डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 56वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका की मजबूत होती अर्थव्यवस्था से पूरी दुनिया को फायदा होता है। उन्होंने अमेरिका को “दुनिया का आर्थिक इंजन” बताया।

अपने पहले साल के कार्यकाल का ज़िक्र करते हुए ट्रंप ने कहा,
“अमेरिका की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। विकास बढ़ रहा है, निवेश और आमदनी में इजाफा हुआ है, महंगाई पर काबू पाया गया है और देश की सीमाएं अब सुरक्षित हैं। यह अमेरिका के इतिहास का सबसे तेज़ और बड़ा आर्थिक बदलाव है।”